Satna news उचेहरा में अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्करः 23 वर्षीय जीजा की मौके पर मौत, साली गंभीर घायल; खाम्हा गांव के पास हादसा

Satna news सतना के उचेहरा थाना क्षेत्र में भूतेश्वरनाथ के पास। परसमनिया-उचेहरा मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी साली गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक की पहचान खाम्हा गांव निवासी शिव कुमार सिंह (23) पिता जयपाल सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शिव कुमार अपनी साली वंदना सिंह के साथ उचेहरा से बाजार कर अपने गांव खाम्हा लौट रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों काफी देर तक मौके पर पड़े रहे।
राहगीर बृजलाल सिंह, जयपाल सिंह और रामायण यादव ने घायलों को निजी वाहन से उचेहरा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही शिव कुमार ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल वंदना को उचेहरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक प्रीतम सहयोगी स्टाफ के साथ अस्पताल पहुंचे और मृतक के शव को मॉर्चुरी में रखवाया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।
